## 3 Point Kindness
### जिसने अपनी सबसे बड़ी खोज मुफ़्त में दे दी
#Doorbeen
![[Pub-3-point-kindness-of-volvo-S.webp|400]]
अपने प्रयोगों से सबको प्यार होता है, मुझे भी है। क्योंकि उनमें जोखिम होता है, और भविष्य में ले जाने वाला रोमांच भी। टेक्नोलॉजी में मेरी दिलचस्पी हमेशा से रही है...
इसलिए एक साल पहले एक प्रयोग घर के नीचे पार्क हो गया था। मैंने इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार को रोज़ की गाड़ी बनाने की कोशिश की। आज वो कोशिश एक साल की हो गई 🙂 14,000 km बाद कह सकता हूँ, प्रयोग सफल रहा। न पेट्रोल धुएँ में उड़ा, न शोर मचा। फ़्यूचर को दौड़ाते हुए, मेडिटेशन जैसी ड्राइविंग में एक साल गुज़र गया।
रात को उसकी पीठ पर मेरे नाम का पहला अक्षर जलता है, S...
पर इस एक साल में जो बात सबसे ज़्यादा छू गई, वो रफ़्तार नहीं थी...
साल था 1959
एक कार कंपनी का इंजीनियर कुछ ऐसा बनाता है, जो आगे चलकर दस लाख से ज़्यादा जानें बचाएगा - थ्री-पॉइंट सीटबेल्ट। उसकी कंपनी चाहती तो इस एक पेटेंट के ज़रिए अरबों कमा सकती थी।
लेकिन उसने पेटेंट को बाँधा नहीं, बहने दिया। एकदम मुफ़्त! दुनिया की हर कार के लिए - प्रतिद्वंद्वियों के लिए भी...!
ज़रा रुककर सोचिए... आपकी ज़िंदगी की सबसे क़ीमती खोज, और आप उसे अपने दुश्मन को भी थमा दें, सिर्फ़ इसलिए कि किसी अजनबी की जान बच जाए।
वो कंपनी Volvo थी। और यह कोई भावुक पल नहीं था - एक सोच थी, एक आदत थी।[^firsts]
1970 से उसकी एक टीम असली सड़क हादसे पढ़ रही है - अब तक 43,000 से ज़्यादा दुर्घटनाओं को गहराई से जान चुकी है। 2019 में पचास साल की वो सारी रिसर्च एक बार फिर मुफ़्त बाँट दी... संदेश वही पुराना - हमारा ज्ञान तुम्हारा भी हो जाए, तो कोई बात नहीं, बस कोई और सड़क पर न मरे।
इसी खुलेपन ने वो पकड़ा जो बाक़ी इंडस्ट्री दशकों तक नहीं देख पाई। क्रैश टेस्ट पुरुष शरीर के हिसाब से होते थे, जबकि गर्दन के झटके यानी whiplash का जोखिम औरतों में ज़्यादा निकला। यहीं से ये विचार निकला कि सुरक्षा तब तक अधूरी है, जब तक वो सबके लिए बराबर न हो। इसके बाद धीरे धीरे गर्दन बचाने वाली सीटें दुनिया की तमाम गाड़ियों तक पहुँचीं।
क्रेन से नाक के बल गाड़ियाँ गिराना, पेड़ या खंभों से लड़ाना, जानवरों की डमी से टक्कर, रोज़ एक गाड़ी क्रैश करना... ये देखना कि गाड़ी का Crumple Zone मिटते-मिटते भी रह जा रहा है या नहीं? कहीं चोट गाड़ी में बैठे इंसानों तक तो नहीं पहुँच रही?
और 2020 में, जब बाक़ी सब रफ़्तार बेच रहे थे, Volvo ने अपनी हर नई गाड़ी की टॉप स्पीड 180 पर बाँध दी। रफ़्तार का लालच और दिखावा बनाम एक ज़िंदगी? इस सवाल के जवाब में उसने बिना झिझक ज़िंदगी चुनी।
तो ये सिर्फ़ कार तकनीक की कहानी नहीं है। ये एक उदार सोच है
आज AI की दौड़ में ज़्यादातर रिसर्च और मॉडल बंद दरवाज़ों के पीछे जा रहे हैं। ऐसे में यह कहानी और ज़रूरी लगती है। अपनी सबसे क़ीमती खोज को बाँट देना मनुष्यता से भरी तकनीक है।
![[Pub-3-point-kindness-of-volvo-EC40.webp|400]]
मेरी पार्किंग में जो EC40 खड़ी है, वो इसी सोच की आधुनिक इलेक्ट्रिक पंक्ति है।
अच्छी चीज़ें चुपचाप बताती हैं कि तुम कौन हो।
Volvo ज़ोर से नहीं बोलती... अब तो करीब 100 साल हो गए।
सोचते सोचते कुछ पंक्तियाँ भी निकलीं, जो तस्वीर में हैं।
इन पंक्तियों को ध्यान से पढ़ेंगे तो आपको उनमें घुले हुए वो फीचर्स दिखेंगे,
जो धीरे धीरे दुनिया भर की गाड़ियों तक पहुँचे।
![[Pub-3-point-kindness-of-volvo-poem.webp|500]]
> किसी गहरे अपने सपने पर, अधिकार छोड़कर बह जाना,
> अपनी अलग लकीर खींचना, किसी का साया बन जाना,
>
> हर चोट को खींचकर बाहों में, यूँ कसकर भरना, सह जाना,
> मिटते-मिटते भी रह जाना...
>
> वो जो साँस में नुकीला-सा चुभता है,
> उसे कम करना... चुप रह जाना
%%
किसी गहरे अपने सपने पर, अधिकार छोड़कर बह जाना, (सीटबेल्ट पेटेंट छोड़ा)
अपनी अलग लकीर खींचना, किसी का साया बन जाना, (सेफ्टी फीचर्स, ऑटो ब्रेक)
हर चोट को खींचकर बाहों में, यूँ कसकर भरना, सह जाना, (क्रंपल ज़ोन)
मिटते मिटते भी रह जाना (साइड कर्टेन एयरबैग्स)
वो जो सांस में नुकीला सा चुभता है,
उसे कम करना... चुप रह जाना (प्रदूषण विरोधी साइलेंट इलेक्ट्रिक कार्स)%%
[^firsts]: **साल दर साल — गेम-चेंजर** (★ = वर्ल्ड-फर्स्ट)
- **1959** थ्री-पॉइंट सीटबेल्ट ★ पेटेंट दुनिया को मुफ़्त
- **1972** रियर-फ़ेसिंग चाइल्ड सीट ★
- **1976** Lambda-sond (ऑक्सीजन सेंसर) ★ पूरी दुनिया में कारों का उत्सर्जन ~90% कम
- **1991** SIPS (साइड इम्पैक्ट प्रोटेक्शन) ★
- **1994** साइड-इम्पैक्ट एयरबैग ★
- **1998** WHIPS ★ · इन्फ़्लेटेबल कर्टेन ★
- **2008** City Safety ★ पहला स्टैंडर्ड ऑटो-ब्रेक
- **2012** पेडेस्ट्रियन एयरबैग ★ कार के बाहर, पैदल यात्री के लिए
- **2019** E.V.A. इनिशिएटिव 50 साल की रिसर्च मुफ़्त साझा
- **2020** 180 km/h स्पीड कैप
- **2026** मल्टी-अडैप्टिव सीटबेल्ट ★