### Netflix की 'ग्रोथ गड्डी' में मुफ़्त वाला पेट्रोल ! #Doorbeen लगातार बढ़ते जाना, उठते जाना संभव नहीं है, आसमान के पार दूसरा आसमान है, फिर तीसरा, फिर चौथा... ये भूख ख़त्म नहीं होती, कोई भी कम्पनी हमेशा नहीं बढ़ सकती, एक बिंदु पर आकर आप कमाई और संभावनाओं की चोटी पर होते हैं। इस बिंदु पर एक नई सीढ़ी की आवश्यकता होती है, क्योंकि आगे उतार होता है। अगर सीढ़ी मिल गई तो एक नई ऊंचाई की ओर यात्रा 2.0 शुरू हो जाती है.. और अगर सीढ़ी नहीं मिली तो फिर आगे उतार होता है... और उतार किसी को स्वीकार नहीं है। सारी कवायद इस उतार से बचने और नई सीढ़ी पकड़ने की है। ये कंपनियों पर भी लागू होता है और व्यक्तियों पर भी। नेटफ्लिक्स को भी नई सीढ़ी चाहिए.. ताकि वो ढलान से बच सके, इसीलिए उसने फ्री प्लान लॉन्च किया है। मुफ्त में ए़ड वाले यूट्यूब जैसा नेटफ्लिक्स... ये सुनकर बहुत से लोगों को अच्छा लग रहा है। ![[Pub-Netflix-Free-Plan.webp|400]] नेटफ्लिक्स की समस्या और मजबूरी इस टेबल में दिखती है, 2019 में नेटफ्लिक्स के पास 16.7 करोड़ सब्सक्राइबर थे। 2020 में COVID-19 महामारी के दौरान सारा संसार घरों में था और तब सब्सक्राइबर्स की संख्या तेजी से बढ़कर 20.3 करोड़ तक पहुंच गई। फिर 2022 की शुरुआत में, नेटफ्लिक्स ने 200,000 सब्सक्राइबर खो दिए, और पूरे साल ही कंपनी की रफ्तार धीमी रही। इसे कंपनी के लिए मंदी के संकेत के रूप में देखा गया। यानी सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़ाकर जो लाभ हो सकता था वो चरम पर पहुँच गया। और आगे किसी ऐसी सीढ़ी की ज़रूरत महसूस हुई जिससे नेटफ्लिक्स को बढ़ने का मौक़ा मिले। इसीलिए पासवर्ड शेयरिंग पर अंकुश लगाया गया और विज्ञापन आधारित प्लान लाए गए। इन उपायों से रिकवरी हुई। और अब 2024 में मुफ्त प्लान आ रहा है ताकि नेटफ्लिक्स की ग्रोथ वाली गाड़ी रफ्तार पकड़ सके। ### नेटफ्लिक्स की मजबूरी का नाम.. मुफ्त प्लान ? | साल | राजस्व (बिलियन $) | नेट इनकम (बिलियन $) | राजस्व वृद्धि (%) | नेट इनकम वृद्धि (%) | | | --------- | ----------------- | ------------------- | ----------------- | ------------------- | ----------- | | 2019 | 20.15 | 1.87 | - | - | वृद्धि | | 2020 | 24.99 | 2.76 | 24.02 | 47.59 | वृद्धि | | 2021 | 29.70 | 5.12 | 18.85 | 85.51 | वृद्धि | | **2022** | 31.62 | 4.49 | 6.46 | -12.30 | **मंदी** ⚠️ | | 2023 | 32.93 | 4.55 | 4.14 | 1.34 | **रिकवरी** | | 2024 (Q1) | 9.37 | 2.33 | | | ❓ | नेटफ्लिक्स का नया प्लान एशिया और यूरोप में उसे फ़ायदा पहुँचा सकता है। भारत की बात करें तो नेटफ्लिक्स ने अपनी स्ट्रैटेजी में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए। नेटफ्लिक्स ने अपने सभी प्लान की कीमतों में 18-60% तक की कटौती की। बेसिक प्लान से लेकर टॉप-टीयर प्लान तक सबकी कीमतें घटाई गईं। मोबाइल-ओनली प्लान लॉन्च किया और विज्ञापन-आधारित सस्ता सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू किया ताकि ज़्यादा लोग प्लेटफॉर्म से जुड़ सकें। अब मुफ्त प्लान के साथ और आक्रामक तरीक़े से भारतीय बाज़ार पर पकड़ बनाने की कोशिश है। ये फ़ॉर्मूला अन्य देशों में भी अपनाया गया है। यहां नेटफ्लिक्स की ग्रोथ गड्डी का पूरा सफ़र इस एक टेबल से समझ सकते हैं। ### नेटफ्लिक्स: गेमचेंजर कंपनी कैसे बनी ? | वर्ष | प्रमुख घटनाएँ और रणनीतियाँ | | ---- | -------------------------------------------------------------------------------------------------- | | 1997 | नेटफ्लिक्स की स्थापना डीवीडी रेंटल सर्विस के रूप में हुई। | | 2007 | स्ट्रीमिंग सेवाओं की शुरुआत, जिससे उपयोगकर्ता इंटरनेट के माध्यम से फिल्में और टीवी शो देख सकते थे। | | 2013 | पहला ओरिजिनल शो "हाउस ऑफ कार्ड्स" लॉन्च किया, जिससे ओरिजिनल कंटेंट प्रोडक्शन की शुरुआत हुई। | | 2016 | 130 देशों में विस्तार, जिससे नेटफ्लिक्स एक ग्लोबल ब्रांड बना। | | 2017 | $6 बिलियन का बजट ओरिजिनल कंटेंट प्रोडक्शन के लिए निर्धारित किया। | | 2018 | नेटफ्लिक्स ने 125 मिलियन सब्सक्राइबर का मील का पत्थर हासिल किया। | | 2020 | COVID-19 महामारी के दौरान सब्सक्राइबर की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई। | | 2022 | पासवर्ड शेयरिंग पर नियंत्रण और विज्ञापन आधारित प्लान। | | 2024 | मुफ्त प्लान लॉन्च किया, जिसमें उपयोगकर्ताओं को विज्ञापन देखने होंगे। | वैसे टीवी के संसार को कुतरने की क्रांति ऐसी ही स्ट्रीमिंग एप्स ने की है। आपके आसपास बहुत से लोग DTH या केबल कनेक्शन कटवा चुके हैं, और बहुत से लोग ये कनेक्शन कटवाने वाले हैं। क्योंकि शानदार कंटेट के निर्माण और स्ट्रीमिंग की सहूलियत ने लोगों को पारंपरिक टीवी वाले मनोरंजन से दूर कर दिया है। ### बीते दौर के खिलाड़ी घाटे में हैं दुनिया में पारंपरिक मनोरंजन और मीडिया कंपनियां घाटे उठा रही हैं और कुछ तो कर्ज़ में हैं। ये आंकड़े देखिए | **कंपनी** | **नुकसान** | | --------------------------- | ------------------------------------- | | **पैरामाउंट** | $1.6 अरब (पिछले साल स्ट्रीमिंग पर) | | **कॉमकास्ट** | $2.7 अरब (पीकॉक स्ट्रीमिंग सेवा पर) | | **डिज्नी** | $2.6 अरब (डिज्नी+, हुलु, ईएसपीएन+ पर) | | **वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी** | $43 अरब का कर्ज़ | इनकी इस हालत के बीच नये दौर की स्ट्रीमिंग कंपनियां यानी Netflix और Amazon लीडर हैं। इनमें भी नेटफ्लिक्स शिखर पर है। ### नेटफ्लिक्स की अपार सफलता का नंबर गेम | | **नेटफ्लिक्स** | | -------------------------- | ---------------------------------- | | ग्राहक संख्या | फीस देने वाले लगभग 27 करोड़ ग्राहक | | एक ग्राहक से औसत कमाई | $11 प्रति महीना से अधिक | | Operating margin | 28% | | कार्यक्रमों पर सालाना खर्च | लगभग $17 अरब | | ग्राहकों के छोड़ने की दर | 4% से कम | | | | अमेज़न प्राइम वीडियो के 20 करोड़ से ज़्यादा ग्राहक हैं, हालांकि वो नेटफ्लिक्स से पीछे है। ### भविष्य में कौन स्ट्रीम होता रहेगा, कौन शांत हो जाएगा ? समझने की बात ये है कि मुनाफा कमाने के लिए एक स्ट्रीमिंग सर्विस को एक निश्चित संख्या में Subscriber चाहिए होते हैं इसे Subscriber Threshold for Profitability कहते हैं - ==आज के दौर में किसी भी स्ट्रीमिंग सर्विस को सफल होने के लिए कम से कम **20 करोड़** भुगतान करने वाले ग्राहकों की आवश्यकता है।== - अब तक केवल Netflix, Amazon और Disney+ ने इस सीमा को पार किया है। - इसे देखते हुए ऐसा पूर्वानुमान है कि भविष्य में केवल तीन या चार प्रमुख स्ट्रीमिंग सेवाएं ही बचेंगी - ये हैं Netflix, Amazon और Disney+ फिलहाल इन सबमें नेटफ्लिक्स ही आगे है और उसने अपनी समस्या को समझते हुए पहले ही अगली सीढ़ी की तलाश शुरू कर दी है। *2024-06-27*