## फ़ुर्सत के रात दिन #Doorbeen ![[Pub-fursat-ke-raat-din.webp]] >"वक़्त मिले तो ये कर लूँ, वो पढ़ लूँ।" यह हम सबका सबसे पुराना बहाना है। जापानी लेखक फ़ूमियो सासाकी की किताब Hello, Habits पढ़ रहा था। जिसमें वे बताते हैं कि नौकरी छोड़ी तो पूरा दिन तो अपना हो गया, लेकिन पढ़ना घट गया। एक दोपहर वो स्पा गए, पर ज़रा भी सुकून नहीं मिला। क्योंकि उन्हें न कोई थकान थी, न कोई तनाव, जिसे वहाँ उतारना हो। फ़ूमियो सासाकी ने लिखा कि जापान सरकार के एक अध्ययन के मुताबिक़, दिन में 7 घंटे से ज़्यादा ख़ाली समय होने पर ख़ुशी घटने लगती है। मैंने रिसर्च किया तो पता चला कि विज्ञान भी इसी के आसपास पहुँचता है। 2021 में अमेरिका के व्हार्टन स्कूल और UCLA के शोधकर्ताओं ने 35,000 से ज़्यादा लोगों के रोज़मर्रा के समय का हिसाब देखा। उन्होंने पाया कि क़रीब दो घंटे की फ़ुर्सत तक ख़ुशी बढ़ती है, फिर ठहर जाती है, और पाँच घंटे के बाद घटने लगती है। कम फ़ुर्सत वाले तनाव से दुखी थे। ज़्यादा फ़ुर्सत वाले इस एहसास से कि दिन बेकार जा रहा है। पर इस रिसर्च की सबसे बड़ी बात एक शर्त में छिपी है। ख़ुशी तभी गिरी जब वह ख़ाली समय यूँ ही बीता, जैसे टीवी के सामने या स्क्रीन स्क्रॉल करते हुए। जिन लोगों ने उस समय में कुछ नया सीखा, कुछ बनाया, या अपनों के साथ बैठे, उनकी ख़ुशी बनी रही। लोगों के साथ फ़ुर्सत के पल जितने ज़्यादा उतना बेहतर नतीजा आया। मतलब समस्या घंटों की नहीं, बेकार ख़ालीपन की है। >मेरी समझ में फ़ुर्सत के अंदर भी कुछ सार्थक होते रहना चाहिए, तभी वह फ़ुर्सत ख़ुशी देती है। फ़ुर्सत कोई ख़ाली कमरा नहीं जिसमें बस पड़े रहा जाए। वो एक आँगन है, जिसमें कुछ उगना चाहिए। कोई किताब, कोई सुर, कोई बातचीत, कोई अधूरा शौक़, कोई नया रिश्ता। गांधी जी ने भी कहा था कि आलस्य मीठा लगता है, पर अंत में तकलीफ़ देता है। सुखी रहने के लिए कुछ करते रहना ज़रूरी है। आज़ादी की कमी एक दर्द है। पर बिना दिशा की आज़ादी भी कम दर्द नहीं देती। --- संदर्भ / Further Reading - फ़ूमियो सासाकी — *Hello, Habits: A Minimalist's Guide to a Better Life* - Marissa Sharif, Cassie Mogilner Holmes, Hal Hershfield — "Having Too Little or Too Much Time Is Linked to Lower Subjective Well-Being", *Journal of Personality and Social Psychology* (2021) 2026-11-02