## Haka Dance in Newzealand Parliament #NotesOnNews न्यू ज़ीलैंड की संसद का ये अनोखा दृश्य देखा आपने ? ![](https://youtu.be/Rs0tgrVoZ4A) कुछ समझ आया ? आगे पढ़िए.. समझ आ जाएगा.. ये न्यू ज़ीलैंड की सबसे युवा सांसद हाना-माईपी-क्लार्क हैं। ये सिर्फ 22 वर्ष की हैं और माओरी समुदाय से आती हैं। इन्होंने वहां की संसद में एक विवादास्पद विधेयक की प्रति फाड़ते हुए.. वहां का पारंपरिक माओरी हाका नृत्य किया। जिसके बाद संसद की कार्यवाही अस्थायी रूप से स्थगित करनी पड़ी, और उन्हें 24 घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया। इस युवा सांसद ने जो बिल फाड़ा... वो ‘ट्रीटी प्रिंसिपल्स बिल’ है, जो 1840 में ब्रिटिश क्राउन और न्यू ज़ीलैंड के माओरी प्रमुखों के बीच हुई ‘संधि’ की फिर से व्याख्या करने का प्रयास करता है। इससे माओरी समुदाय के अधिकार सीमित हो सकते हैं। विरोध का यही कारण है। न्यू ज़ीलैंड की सांसद ने जो हाका नृत्य किया वो माओरी समुदाय का एक पारंपरिक युद्ध नृत्य है, जिसे जोश, उत्साह और शक्ति के प्रदर्शन के रूप में किया जाता है। ये नृत्य समूह में किया जाता है, जहां जोरदार आवाज़ों, हाथ की हरकतों, और चेहरे की भंगिमाओं जैसे - आंखें चौड़ी करके और जीभ बाहर निकालाकर.. अपनी ऊर्जा और भावनाएं प्रकट की जाती हैं। वैसे हाका नृत्य केवल युद्ध के लिए नहीं है, इसके अन्य प्रकार भी हैं, जिन्हें अलग अलग अवसरों पर किया जाता है। जैसे मेहमानों के स्वागत के दौरान, विवाह और शोक सभाओं में और खेल आयोजनों में भी ये नृत्य किया जाता है। ये नृत्य माओरी समुदाय की पहचान का प्रतीक है, और न्यू ज़ीलैंड के राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है। 2024-11-16