## तलवार से ट्रांजिस्टर तक: Pax Silica में भारत **AI, EV और माइक्रोचिप की शतरंज में भारत की चाल** #NotesOnNews इतिहास में ताकत तलवार से मापी जाती थी फिर बंदूक आई फिर परमाणु बम अब अगले दौर की ताकत 2 नैनोमीटर[^1] के चिप में सिमट गई है। और यह चिप जेब में रखे मोबाइल से लेकर परमाणु कमांड सिस्टम तक सबमें मौजूद है। 20 फरवरी 2026... नई दिल्ली India AI Impact Summit में भारत ने Pax Silica घोषणापत्र पर हस्ताक्षर कर दिए। नाम सुनने में सॉफ्ट है पर इसके भीतर जियो-पॉलिटिक्स की सिलिकॉन वाली शतरंज बिछी है। ![[Notes-on-News-Thumb.webp|400]] ### Pax Silica आखिर है क्या? 'Pax' लैटिन शब्द है जिसका अर्थ है शांति 'Silica' यानी सिलिकॉन - वही जिससे सेमीकंडक्टर चिप बनता है। इतिहास में हमने 'Pax Romana' और 'Pax Americana' शब्द सुना है यानी वो दौर जब किसी एक शक्ति के प्रभुत्व ने उस दौर की ग्लोबल व्यवस्था तय की। अब हम AI युग में है और सवाल है क्या सिलिकॉन आगे की ग्लोबल व्यवस्था तय करेगा? दिसंबर 2025 में अमेरिका ने Pax Silica के नाम से सबको जोड़ने की पहल की और कहा गया कि ये सेमीकंडक्टर, AI इंफ्रास्ट्रक्चर और क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन को सुरक्षित और लोकतांत्रिक नेटवर्क में बांधने की कोशिश है। लेकिन गौर से देखेंगे तो ये चीन के तकनीकी एकाधिकार का विकल्प तैयार हो रहा है। ![[Pub-pax-silica-deal.webp|400]] --- ### सिलिकॉन इतना निर्णायक क्यों है? आज दुनिया की 60 प्रतिशत से अधिक सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्षमता पूर्वी एशिया में है। एडवांस लॉजिक चिप्स, जो 5 नैनोमीटर और उससे नीचे की तकनीक पर बनते हैं, उनका बड़ा हिस्सा ताइवान में तैयार होता है। दूसरी ओर, रेयर अर्थ मिनरल प्रोसेसिंग में चीन की हिस्सेदारी लगभग 60 से 70 प्रतिशत है। बैटरी ग्रेड लिथियम रिफाइनिंग में भी चीन की पकड़ 60 प्रतिशत से अधिक है। दुनिया में करीब 1.5 करोड़ इलेक्ट्रिक वाहन हर साल बिक रहे हैं और एक आधुनिक इलेक्ट्रिक कार में औसतन 2,000 से 3,000 सेमीकंडक्टर चिप्स लगे होते हैं। यह सिर्फ औद्योगिक डेटा नहीं है यह तमाम देशों की निर्भरता का भूगोल है। AI मॉडल चलाने हों, EV बनानी हो, किसी मिसाइल की क्षमताएं बढ़ानी हों, या कोई और रक्षा तकनीक अपग्रेड करनी हो, सबको चिप चाहिए। न्यूज़रूम से लेकर ड्रोन तक सब कुछ चिप पर निर्भर है। कह सकते हैं कि चिप पूरी औद्योगिक अर्थव्यवस्था की नस है। अब चिप की सप्लाई अगर एक ही क्षेत्र में केंद्रित हो, तो वह सिर्फ व्यापार नहीं रहता, रणनीतिक दबाव का औजार बन जाता है। और इन दिनों दुनिया ऐसी स्थिति में है कि ये दबाव, किसी भी दिन सप्लाई को कटऑफ कर सकता है। Pax Silica इसी दबाव को कम करने की रणनीति है। सवाल चिप का नहीं है सवाल नियंत्रण का है। 21वीं सदी की विदेश नीति अब सिर्फ सैन्य गठबंधनों से नहीं, तकनीकी इकोसिस्टम से भी तय होगी। AI युग की लड़ाइयाँ सीमाओं से ज़्यादा, सिलिकॉन वेफर पर लड़ी जाएगी। --- ### भारत की एंट्री क्यों ऐतिहासिक है? इस गठबंधन में अमेरिका, जापान, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित देश पहले से शामिल थे। भारत पहला बड़ा विकासशील देश है जिसने इसमें औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए। यह संकेत है कि दुनिया अब भारत को केवल बाजार नहीं, बल्कि Manufacturing Power के रूप में देख रही है। भारत में पहले से चिप निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं। दुनिया की प्रमुख चिप कंपनियों के रिसर्च और डेवलपमेंट में भारतीय इंजीनियर निर्णायक योगदान दे रहे हैं। अब लक्ष्य है डिज़ाइन से आगे बढ़कर निर्माण करना। AI की असली ताकत, कंप्यूट पावर में होती है जेनरेटिव AI मॉडल हवा में नहीं चलते उन्हें चाहिए डेटा सेंटर, GPU, हाई-एंड चिप्स । Pax Silica के तहत सुरक्षित सप्लाई चेन का मतलब ये है कि चीन का विकल्प तलाशने की ग्लोबल कूटनीति में भारत का अपना AI इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा। दुनिया के सेमीकंडक्टर उद्योग को अगले दशक में लगभग 10 लाख कुशल Professionals की ज़रूरत हो सकती है। भारत के लिए यह रोजगार और Skill Development दोनों का अवसर है। भारत के हस्ताक्षर के बाद अब चुनौती है घोषणा को उद्योग में बदलना, रणनीति को उत्पादन में बदलना। इसी से तय होगा कि सिलिकॉन पर शह-मात के खेल में भारत दर्शक रहेगा या निर्णायक खिलाड़ी बनेगा [^1]: ### 5 नैनोमीटर और 2 नैनोमीटर चिप का मतलब क्या है? नैनोमीटर बहुत छोटी इकाई है 1 नैनोमीटर = एक मीटर का एक अरबवां हिस्सा। चिप के अंदर अरबों ट्रांजिस्टर होते हैं जितना छोटा नैनोमीटर, उतने छोटे ट्रांजिस्टर। छोटे ट्रांजिस्टर का मतलब है - • ज्यादा ट्रांजिस्टर एक ही जगह होंगे • ज्यादा स्पीड होगी • बिजली की खपत कम रहेगी • ज्यादा प्रोसेसिंग पावर मिलेगी सरल भाषा में - 5nm चिप तेज है 2nm चिप और ज्यादा तेज, ज्यादा सक्षम और ज्यादा energy efficient यानी वही मोबाइल, वही लैपटॉप, वही कार, पर दिमाग ज्यादा तेज।