## John McAfee Uninstalled
### वायरस मिटाने वाले को अपना एंटीवायरस नहीं मिला
#Faces
![[Pub-john-mcafee-uninstalled.webp]]
आपने कभी न कभी McAfee का एंटीवायरस इंस्टॉल किया होगा कंप्यूटर में... एक ऐसा सॉफ्टवेयर जो वायरस पहचानता था, रोकता था, मिटाता था। इस सॉफ्टवेयर को बनाने वाला John McAfee बार्सिलोना की जेल में मरा हुआ पाया गया। McAfee पर टैक्स चोरी और धोखाधड़ी के आरोप थे। स्पेन की अदालत ने उसके प्रत्यर्पण को मंज़ूरी दे दी थी... अमेरिका में इंसाफ होना था। लेकिन इससे पहले ही खेल खत्म हो गया।
McAfee की ज़िंदगी एक ऐसे सॉफ्टवेयर जैसी थी जो हर अपडेट के साथ और unstable होता गया। एंटीवायरस बनाया, दुनिया भर के कंप्यूटर्स में इंस्टॉल हुआ, पैसा आया, शोहरत आई। लेकिन ये आदमी रुक नहीं सकता था। कंपनी बेच दी, Central America के एक छोटा सा देश बेलीज़ चला गया - वहाँ पड़ोसी की हत्या हुई तो शक McAfee पर हुआ... 11 साल में 37 मुकद्दमे हुए। ये दावा भी किया कि अमेरिका के NSA के surveillance को ब्लॉक करने वाला सॉफ्टवेयर बना लिया। दो बार अमेरिका का राष्ट्रपति बनने की कोशिश की... 2016 में, फिर 2020 में। cryptocurrency के खेल में पूरी तरह डूबा हुआ था। बात यहां तक पहुंच गई कि एक प्रोमोशनल ट्वीट के लिए 105,000 डॉलर यानी करीब 78 लाख रुपये लेने लगा। McAfee की ज़िंदगी का हर नया chapter पिछले से ज़्यादा बेचैन करने वाला, ज़्यादा loud होता गया.. और वो ज़्यादा दूर होता गया... ख़ुद से भी, दुनिया से भी।
18 जून 2021 को, मरने से पाँच दिन पहले, उसने आख़िरी ट्वीट किया...
>democracy में power दी जाती है, छीनी नहीं जाती।
>लेकिन power तो power है।
>प्यार, करुणा, देखभाल को इसकी ज़रूरत नहीं।
>लेकिन लालच, दुश्मनी, जलन के लिए ये ईंधन है।
>हर power corrupt करती है।
>इसलिए बहुत सावधानी बरतनी चाहिए कि
>हम लोकतंत्र को किस-किस तरह की power देते हैं।
इसे पढ़कर और उसकी ज़िंदगी को देखकर कुछ सूत्र मिलते हैं... जो काफी फ़िल्मी हैं
जिस आदमी ने ज़िंदगी भर power चेज़ की... पैसे की, शोहरत की, system को हैक करने की... उसी ने आख़िर में लिखा कि हर power corrupt करती है। ये एहसास अक्सर तब आता है जब power ख़ुद आपको खा चुकी होती है।
जो पैसे, अपराध और अति महत्वाकांक्षा से संक्रमित होकर सफल हो जाए...
उसके दोस्त अचानक बढ़ जाते हैं
फिर व्यवस्था उसकी पहचान कर लेती है... और अपराधों की लिस्ट बनाकर रखती है
कुछ समय बाद उसे वायरस मानकर... एंटीवायरस से उसका इलाज कर दिया जाता है...
ये उसके फँसने का समय होता है... और तब उसके दोस्त भाप की तरह उड़ जाते हैं...
फिर उसके पास कुछ नहीं बचता और वो अपनी पराजय के कथानक को बदलने की कोशिश में जुट जाता है
उसका पूरा ज़ोर इस बात पर होता है कि उसे कोई पछतावा नहीं है
अपनी कहानी का अंत बदलना तो सब चाहते हैं... लेकिन अक्सर बदल नहीं पाते
McAfee ने दूसरों के कंप्यूटर्स के वायरस तो खत्म किए... लेकिन अपनी ज़िंदगी के वायरस के लिए कोई एंटीवायरस नहीं बना सका। आख़िर में उसे ख़ुद को दुनिया से uninstall करने का बटन दबाना पड़ा।
---
##### Context Note
Some people build shields for the world while leaving themselves exposed. McAfee wrote code against digital threats but couldn't find a patch for the human ones - ambition that won't brake, power that feeds on itself, and a story whose ending refuses revision.
2021-06-26