## Partition and Paper Boats : विभाजन और कागज़ की नाव #Poetry नींद और चेतना के बीच की सीमा रेखा पर मैंने उँगली फेर दी है धुँधली हो चुकी है वो लकीर, रेगिस्तान की रेत, हरे भरे पेड़, लोहे की कंटीली तारें सब पिघल गये हैं.. आपस में मिल गये है बह गये हैं भावनाओं की नदी के उस पार विभाजन के मायने अब ख़त्म हो गये हैं बँटवारे की एक भी सिसकी नहीं है यहाँ सब कुछ बह रहा है आँखों से… आँखों तक जैसे गंगा-जमुना मिलती हैं नींद भी जागृति में मिल गई है इस संगम में काग़ज़ की नाव की तरह मैं बह रहा हूँ ज़मीन पर तो ऐसा नहीं हो सकता कोई बादल ही रहा होगा जिस पर हर वक़्त ये यात्रा चलती रहती है   ##### Context Note When the line between sleep and waking gets smudged, you find yourself floating on a paper boat. The desert sand, the green trees, the barbed wire, all melt and mix and flow across the river of feeling. Partition loses its meaning here. This cannot happen on the ground, so it must be some cloud where this journey always runs. 2017-04-02