## नक़्शे की नीली बिंदी आपको कैसे ढूँढती है?
#Tech
`जड़ तक · एक नज़र में`
![[Pub-Sky-Clock.webp|400]]
**एक लाइन में:** आपका फ़ोन आसमान में घूम रहे कम से कम चार सैटेलाइट के सिग्नल सुनता है, नापता है कि हर सिग्नल को पहुँचने में कितना समय लगा, और उसी से हिसाब लगा लेता है कि आप कहाँ खड़े हैं।
### 🌱 बीज
अनजान शहर में आपने कैब बुक की, और नक़्शे पर नीली बिंदी ठीक वहीं चमक उठी, जहाँ आप खड़े थे। न आपने पता बताया, न किसी से पूछा।
### 🌿 जड़
लगभग 20,200 किलोमीटर ऊपर घूम रहे सैटेलाइट लगातार बताते रहते हैं, "मैं यहाँ हूँ, और अभी ठीक इतने बजे हैं।" उनमें बेहद सटीक परमाणु घड़ियाँ लगी हैं। फ़ोन देखता है कि संदेश कितनी देर में पहुँचा, और उससे दूरी निकाल लेता है। तीन सैटेलाइट की दूरी मिल जाए, तो धरती पर ऐसी जगह लगभग एक ही बचती है, और फ़ोन ख़ुद हिसाब लगाकर उसका अक्षांश-देशांतर निकाल लेता है। सैटेलाइट को आपकी जगह पता ही नहीं होती। चौथा सैटेलाइट फ़ोन की घड़ी की चूक ठीक करता है, क्योंकि फ़ोन में परमाणु घड़ी नहीं, कलाई घड़ी जैसी साधारण घड़ी होती है। सिग्नल रोशनी की रफ़्तार से चलता है, इसलिए एक सेकंड के दस लाखवें हिस्से की गलती भी जगह को लगभग 300 मीटर खिसका सकती है।
### 🌳 तना
- फ़ोन का GPS सिर्फ़ सुनता है, सैटेलाइट को कुछ नहीं भेजता। जगह का हिसाब फ़ोन के अंदर होता है, और फ़ोन वो हिसाब सिर्फ़ उन ऐप्स को बताता है जिन्हें आपने इजाज़त दी है। वे ऐप इसे इंटरनेट से आगे भेज सकते हैं।
- ऊँची इमारतों के बीच, फ़्लाईओवर के नीचे या घर के अंदर बिंदी भटक सकती है। सिग्नल रुक जाता है या दीवारों से टकराकर लंबा रास्ता लेता है।
- GPS अमेरिका का सिस्टम है, जिसमें कम से कम 24 सैटेलाइट चालू रखने का वादा है। भारत का अपना सिस्टम NavIC 7 सैटेलाइट के हिसाब से बना है, और भारत में और भारत की सीमा से 1500 किलोमीटर आगे तक काम करने के लिए है।
### 🍎 फल
नीली बिंदी के चारों ओर हल्का नीला घेरा देखिए। घेरा जितना बड़ा होगा, समझिए फ़ोन को अपनी जगह पर उतना कम भरोसा होगा। किसी को लोकेशन भेजनी हो, तो खुले आसमान के नीचे या खिड़की के पास कुछ सेकंड रुकिए। घेरा छोटा हो जाए, तब भेजिए।
> **मेरी बात:** नीली बिंदी कोई जादू नहीं, आसमान की घड़ियों और रोशनी की रफ़्तार का हिसाब है। असल में फ़ोन ख़ुद को ढूँढता है। हिसाब लगाता है और लोकोशन बताता है
---
**स्रोत:** [GPS.gov: Space Segment](https://www.gps.gov/systems/gps/space) (26 नवंबर 2026 को देखा) · [NOAA: What is GPS?](https://oceanservice.noaa.gov/facts/gps.html) (अपडेट 23 सितंबर 2026) · [ESA: What about errors?](https://www.esa.int/Our_Activities/Navigation/What_about_errors) (3 अगस्त 2011) · [Penn State: Satellite Ranging](https://courses.ems.psu.edu/natureofgeoinfo/web/print/c5_p18.html) (26 नवंबर 2026 को देखा) · [ISRO: Satellite Navigation Services (NavIC)](https://www.isro.gov.in/ISRO_EN/SatelliteNavigationServices.html) (26 नवंबर 2026 को देखा) · [Google Maps Help: Find & improve your location's accuracy](https://support.google.com/maps/answer/2839911?hl=en) (26 नवंबर 2026 को देखा)
2026-11-26