## बैटरी हर दिन थोड़ी बूढ़ी होती है
#Tech
`जड़ तक · एक नज़र में`
![[Pub-Slow-Fade.webp|400]]
**एक लाइन में:** हर चार्ज के साथ बैटरी के अंदर कुछ लिथियम हमेशा के लिए फँस जाता है, और इसके साथ अगर गर्मी बढ़े और देर तक 100% पर फोन टिका रहे तो बैटरी तेज़ी से घिसती है।
### 🌱 बीज
नया फ़ोन था, तो सुबह का चार्ज... रात तक चलता था। दो साल बाद वही फ़ोन, वही ऐप, पर शाम चार बजे ही चार्जर ढूँढना पड़ता है। फ़ोन वही है, लेकिन बैटरी बदल गई है।
### 🌿 जड़
फ़ोन की बैटरी में लिथियम के बहुत छोटे कण यानी ions होते हैं। चार्ज करते समय वो एक तरफ़ जाते हैं, और फ़ोन इस्तेमाल करते समय वापस लौटते हैं। हर आवाजाही में अंदर एक महीन परत धीरे धीरे थोड़ी मोटी होती है, और कुछ कण उसमें हमेशा के लिए अटक जाते हैं। जैसे मान लीजिए कोई बस हर चक्कर में दो-चार सवारियाँ रास्ते में छोड़ आए, जो फिर कभी न चढ़ें। इस तरह सवारियाँ घटेंगी, तो चार्ज भी घट जाएगा
### 🌳 तना
- गर्मी बैटरी की सबसे बड़ी दुश्मन है। Battery University के मुताबिक़ 30°C से ऊपर लगातार रहना बैटरी के लिए ऊँचा तापमान है, और अगर पूरा चार्ज हो और साथ में गर्मी हो, तो ये सबसे बुरी हालत है।
- देर तक 100% पर टिके रहना भी बैटरी को थकाता है। 40°C पर साल भर पूरी चार्ज रखी बैटरी में क़रीब 65% क्षमता बचती है, जबकि 40% चार्ज पर रखी बैटरी में क़रीब 85% क्षमता बचती है।
- थोड़ा-थोड़ा चार्ज करने में नुक़सान नहीं है। आज 75% ख़र्च किया और कल 25%, तो दोनों मिलकर एक Charge Cycle बनता है। बैटरी को पूरा ख़ाली करने की भी ज़रूरत नहीं है, उससे बचना ही अच्छा है।
### 🍎 फल
आज ही फ़ोन की बैटरी सेटिंग में 'adaptive charging' या 'optimised charging' जैसा विकल्प ढूँढकर on कीजिए। ये फ़ोन को रात भर 100% पर टिके रहने से बचाता है। और चार्ज करते समय फ़ोन को तकिये के नीचे या धूप में मत रखिए।
> **मेरी बात:** बैटरी की दिक्कत उम्र से ज़्यादा गर्मी के कारण होती है। बैटरी का बुढ़ापा गर्मी से जल्दी आ जाता है। इसलिए फोन को गर्मी से बचाने की कोशिश कीजिए
---
**स्रोत:** [Battery University: BU-808, How to Prolong Lithium-based Batteries](https://batteryuniversity.com/article/bu-808-how-to-prolong-lithium-based-batteries) (अपडेट 11 अक्टूबर 2023) · [Battery University: BU-808b, What Causes Li-ion to Die?](https://batteryuniversity.com/article/bu-808b-what-causes-li-ion-to-die) (अपडेट 3 नवंबर 2021) · [Apple: Why Lithium-ion?](https://www.apple.com/batteries/why-lithium-ion/) (12 नवंबर 2026 को देखा)
यह जानकारी 12 नवंबर 2026 तक की है।