## Smart Rust ### क्या ज़ंग लगना स्मार्ट है? #Doorbeen ![[Pub-Smart-Rust.webp]] अरे फलाने को तो ज़ंग लग गया है। ज़ंग खाए औज़ार से युद्ध नहीं लड़े जाते। ऐसे वाक्य आपने सुने होंगे... ज़ंग लगना वैसे तो एक रसायनिक प्रक्रिया है - लोहा, ऑक्सीजन और पानी मिलें तो Iron Oxide बनता है। चूंकि इससे लोहा कमज़ोर होता है, इसलिए ज़ंग को एक नकारात्मक स्थिति मान लिया गया। सामान्य बातचीत में किसी से कह दो कि तुझे तो ज़ंग लग गया है... तो ये गिराकर बात करने की शैली है। मतलब तू पुराना पड़ गया, बेकार हो गया, किसी काम का नहीं रहा। लेकिन क्या सच में ऐसा है? ज़ंग यानी Iron Oxide का इंसान से रिश्ता नफ़रत से नहीं, कला से शुरू हुआ था। फ़्रांस की Lascaux गुफाओं में लगभग 17,000 साल पुरानी paintings मिली हैं जो Iron Oxide से बनाई गई थीं। यानी इंसान ने ज़ंग से जो पहला काम लिया था वो था रंगना.. मिटाना नहीं। आज भी दुनिया भर में paints, cosmetics, यहां तक कि खाने में food colouring के लिए Iron Oxide का इस्तेमाल होता है। और सिर्फ़ इंसान ही नहीं.. कबूतर और कुछ bacteria अपने शरीर में Iron Oxide के कण जमा करते हैं ताकि पृथ्वी के magnetic field से दिशा पहचान सकें। यानी ज़ंग उनका GPS है। हमारे शरीर में भी Iron Oxide की भूमिका है - MRI scans में इसके magnetic गुणों का इस्तेमाल होता है। और जिस hard drive में आपका सारा data पड़ा है, वहां भी Iron Oxide compounds magnetically जानकारी store कर रहे हैं। कला, दिशा, दवा और data... ज़ंग की ज़िंदगी.. हमारी सोच से कहीं बड़ी है। लेकिन सबसे रोचक बात अभी बाक़ी है। जर्मनी की Friedrich-Alexander University के शोधकर्ताओं ने Iron Oxide के nanoparticles बनाए हैं जिन्हें उन्होंने Smart Rust कहा है। आमतौर पर पानी में ज़ंग के कण घुले हों तो वो गंदा हो जाता है। लेकिन ये Smart Rust उल्टा काम करती है - पानी साफ़ करती है। इन nanoparticles की सतह पर phosphonic acid के अणु लगाए जाते हैं जो सूक्ष्म बालों जैसे होते हैं। ये "बाल" पानी में मौजूद प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों को पकड़ लेते हैं - तेल, microplastics, कीटनाशक, यहां तक कि हानिकारक hormones भी। और चूंकि ये nanoparticles magnetic हैं, एक साधारण चुंबक से इन्हें सारी गंदगी समेत पानी से बाहर खींच लिया जाता है। सस्ती, ज़हर-मुक्त, और बार-बार इस्तेमाल हो सकने वाली तकनीक। जिस ज़ंग को हम बेकार समझते हैं वो पानी को साफ़ कर रही है। तो अगली बार जब कोई कहे कि फलाने को ज़ंग लग गई है... तो ये सोचिएगा कि ज़ंग लगना बुरा नहीं है। बुरा ये है कि हम चीज़ों और कई बार लोगों को सिर्फ़ उनकी सबसे सतही पहचान से आंकते हैं। ज़ंग ने गुफाओं में कला रची, कबूतरों को रास्ता दिखाया, दवा में काम आई, data संभाला, और अब पानी साफ़ कर रही है। कभी कभी जो चीज़ बिगड़ती हुई दिखती है... वो असल में सकारात्मक बदलाव ला रही होती है। 2023-11-14