![[Sparks.webp]] # SPARKS | 2024 2024 → [[Sparks 2025|2025]] → [[Sparks 2026|2026]] **Sparks — ख़्यालों का रजिस्टर।** दिन भर जो अचानक दिलोदिमाग में कौंधता है, वह मेरे फ़ोन, आईपैड या कंप्यूटर से यहाँ पहुँच जाता है। पहली बार जो विचार कौंधता है, उसके कच्चेपन में एक ख़ास तरह की खुशबू होती है। बाद में उस पर अनुशासन चुपड़ दिया जाता है, तौर-तरीक़े लगाए जाते हैं, व्याकरण बैठाया जाता है। यहाँ कोशिश है कि साधना से साधे हुए के पीछे मौजूद थोड़ा-सा कच्चा भी दर्ज रहे। इसे ओपन डायरी कह सकते हैं, मन में दस्तक देने वाली घटनाओं से उपजे ख़्यालों का रजिस्टर भी। हर Spark अंतिम नहीं है। कई शायद किसी बड़े लेख, किसी शो, किसी विचार-व्यवस्था का बीज हों। यह polished कथन नहीं, सोच का प्रथम संस्करण है। #Sparks --- ### 2024-11-11 · 6:37 PM गलती/बेवक़ूफ़ी हमेशा वायरल होती है… क्योंकि मौलिक होती है। सत्य मन के Drafts में पड़ा रहता है, जिसे लोग अक्सर Edit करके पोस्ट करते हैं — या नहीं भी करते। ज़ाहिर है, मौलिकता में काट-छाँट हो जाती है। इसलिए वायरल नहीं होता। --- ### 2024-11-12 · 10:35 PM सफलता की जड़ में समाधान है, समाधान की जड़ में समस्या का बीज है। यानी समस्या को पलट दो — तो सफलता है। --- ### 2024-11-23 · 9:41 AM विजय की संतुष्टि वाली डकार होती है, जबकि पराजय की एसिडिटी होती है। --- ### 2024-11-25 · 4:47 PM जो हासिल कर लिया, उससे मुक्ति भी होती है, विरक्ति भी। शायद यही नये सृजन और जीवन भर बढ़ते रहने का आधार है। --- ### 2024-11-26 · 1:49 AM दैनिक खुशी भंडार। हमारे यहाँ हर परिस्थिति में खुश रहा जाता है। --- ### 2024-11-27 · 12:59 AM कॉन्फ़्रेंस कलाकार — एक खास प्रजाति के मनुष्य, जो तरह-तरह के सेमिनार और कॉन्फ़्रेंस में पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर महीन कलाकारी दिखाते हैं। --- ### 2024-12-12 · 7:10 PM शतरंज की बिसात पर मौजूद सारे मोहरे 18 साल के गुकेश को सैल्यूट कर रहे हैं। दुनिया में अब तक के सबसे युवा विश्व चैंपियन को बधाई। जिस उम्र के ज़्यादातर भारतीय युवा रील निर्माण में व्यस्त हैं, यह लड़का शतरंज में मस्त है। ऐसा फ़ोकस हो तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है। --- ### 2024-12-15 · 12:26 AM इस दौर के लग्ज़री आइटम क्या हैं? 1. साफ़ सोचने की क्षमता 2. गहरी नींद ले पाना 3. मंद गति में भी मस्त रहना 4. साधारण जीवन जीना 5. बिना फ़ोन के एक पूरा दिन बिताना 6. छोटी चीज़ों में ख़ुशी ढूंढ लेना 7. आत्म-मूल्यांकन, कड़वे सत्य सुनने की क्षमता 8. रिश्तों में समय और ऊर्जा निवेश करना 9. अपने साथ अकेले समय बिताने की आदत 10. प्रकृति के करीब रहना लेकिन हम एक ऐसे संसार में हैं जिसे इन चीज़ों को रोकने के हिसाब से डिज़ाइन किया गया है। --- ### 2024-12-18 · 1:39 AM कुछ NotesOnArt 🎨 जिन्हें संजोना चाहिए। अद्भुत सुरीला सफ़र है *Bandish Bandits Season 2*। और इस सफ़र का एक हिस्सा, जो मन में रह जाता है और देर तक गूँजता है, वो है ‘सखी मोरी’ गीत की पूरी तैयारी और मंच से उसका प्रोजेक्शन। संगीत और दृश्यात्मक वर्णन अपनी जगह है, लेकिन इस जटिल भाव को जिस तरह राजेश तैलंग जी ने स्क्रीन पर निभाया है, समझिए कमाल ही कर दिया है। जीवन भर परिवार के लिए सब कुछ करते और खुद को गँवाते हुए जो अंगारे अंदर रह जाते हैं, उन्हें आक्रोश के साथ निकालने वाला यह हिस्सा करोड़ों लोगों के संघर्ष और संताप को दिखाता है। [हमारे प्रिय राजेश तैलंग जी के लिए दहाड़ वाली बधाई है](https://x.com/i/status/1872509473253937354) --- ### 2024-12-20 · 12:23 AM आने वाले समय में ये ट्रेंड भी देखने को मिल सकता है कि जिस तरह से पासवर्ड चोरी के लिए AI का इस्तेमाल हो रहा है उसको देखते हुए भविष्य में AI पर आधारित पासवर्ड मैनेजर भी आ सकते हैं...जो पासवर्ड पर AI के अटैक से आपको बचा सकते हैं... आपके पुराने और कमज़ोर पासवर्ड्स को सही समय पर बदल सकते हैं। एक और बदलाव जो आपको देखने को मिलेगा वो ये कि अलग अलग ऑपरेटिंग सिस्टम्स में पासवर्ड मैनेजर्स अब आपको ज़रूर देखने को मिलेंगे। इन दिनों बिना पासवर्ड के लॉग-इन करने वाली तकनीक पर भी काम चल रहा है