![[Chitra-Studio.webp]]
## चित्र स्टूडियो क्या है ?
मैं सबसे ज़्यादा समय
शब्दों के साथ बिताता हूं
लेकिन कई बार
शब्दों के शहर से दूर निकल जाता हूँ
और अपनी नज़र को रास्ते में छोड़ देता हूँ
कि वो
आसमान जैसे कैनवास पर
रंगों की भाषा में
'अव्यक्त' को लिख दे।
अटके हुए शब्दों को
टैबलेट के उजले कांच पर भटकने देता हूं
मेरे भीतर का कवि
जब ड्रॉ करता है,
तो वह समझाना छोड़ देता है।
अधूरे वाक्य बर्फ से कैनवास पर
स्केटिंग करने लगते हैं
लकीरों पर अर्थ फिसलता है
और मेरी उपस्थिति रंग बनकर बहने लगती है
फिर वहीं से
चित्र शुरू होता है।
यह सेक्शन कोई गैलरी नहीं है
ये मन का म्यूज़िक है
यहाँ बनी पेंटिंग्स कोई रेडीमेड उत्तर नहीं हैं।
ये ऐसे अधूरे विचार हैं जो शायद शब्द बनने से पहले ही ठिठक गए।
कभी एक रेखा
उस असुविधाजनक वाक्य की जगह ले लेती है।
जो कहा नहीं गया
कभी एक रंग
उस शब्द की जगह ले लेता है
जिसे लिखने में संकोच हो रहा था।
डिजिटल स्क्रीन पर बना यह काम
स्पर्श से होता है
और इस लिहाज़ से ये काम
मशीनी युग में भी मानवीय है।
आईपैड पर कविता लिखते हुए
उंगली काँच को छूती है।
आईपैड पर स्केच बनाते हुए
वही उंगली फिर से काँच को छूती है।
काँच वही है
पर अनुभव हर बार नया है।
इन दो आयामों के बीच में
एक पीला बिंदु रहता है
जो उजाले की भाषा कहता है
चित्र स्टूडियो
उन पलों का संग्रह है
जिनमें सिर्फ़ शब्द पर्याप्त नहीं थे।