## AI जवाब कैसे लिखता है?
#Tech
`जड़ तक · एक नज़र में`
![[Pub-Word-Chain.webp|400]]
**एक लाइन में:** AI कहीं से जवाब ढूँढकर नहीं लाता। वह हर बार अंदाज़ा लगाता है कि अगला शब्द क्या होना चाहिए, और एक-एक शब्द जोड़कर पूरा जवाब बना देता है।
### 🌱 बीज
आपने AI चैटबॉट से कहा, "छुट्टी के लिए एक application लिख दो।" स्क्रीन पर जवाब ऐसे उभरने लगा, जैसे कोई उसी वक़्त टाइप कर रहा हो। और सच में वह उसी वक़्त, एक-एक शब्द करके बन रहा था।
### 🌿 जड़
कोई कहे "नाच न जाने...", तो आप तुरंत बोल देंगे, "आँगन टेढ़ा।" आपने यह कहावत इतनी बार सुनी है कि अगला शब्द अपने आप सूझ जाता है। AI भी यही करता है, लेकिन बहुत बड़े पैमाने पर।
**AI ने सीखा कैसे ?:** ट्रेनिंग में AI को किताबों, वेबसाइटों और लेखों का बहुत बड़ा भंडार दिया जाता है, और उससे स्कूल की तरह "रिक्त स्थान भरिए" खेलने को कहा जाता है। वाक्य से कोई शब्द छिपाया, AI ने अंदाज़ा लगाया, फिर सही शब्द से मिलाया। ये प्रक्रिया चलती है.. और हर ग़लती पर उसके अंदर के अंक थोड़े-से बदल दिए जाते हैं। इन अंकों को पैरामीटर कहते हैं। Google के मुताबिक़ बड़े मॉडलों में ये सैकड़ों अरब से लेकर खरबों तक होते हैं। शुरू में अंदाज़े लगभग बेतुके होते हैं, जो अभ्यास के साथ सुधरते जाते हैं। चैटबॉट बनाने के लिए बाद में अलग से ट्रेनिंग भी दी जाती है, ताकि वो निर्देश बेहतर ढंग से माने।
**जवाब कैसे बनता है ?:** आपका सवाल आते ही ये क़दम चलते हैं।
1. **टुकड़े:** सवाल छोटे टुकड़ों में बँटता है, जिन्हें "टोकन" कहते हैं। टोकन पूरा शब्द भी हो सकता है और शब्द का हिस्सा भी।
2. **संदर्भ:** AI हर टुकड़े को बाक़ी सबके साथ तौलता है। "आम खाया" और "आम आदमी" में "आम" एक ही है, पर उसका मतलब आसपास के शब्द तय करते हैं।
3. **अंदाज़ा:** अब वो अगले टुकड़े के लिए कई विकल्पों की संभावना को आंकता है। Google अपनी पढ़ाई वाली सामग्री में ऐसा उदाहरण देता है: "छत पर बारिश की आवाज़ सुनकर मैं रसोई में ___ "। यहाँ **"सूप बनाता हूँ"** की संभावना 9.4% है और **"केतली गरम करता हूँ"** की 5.2%।
4. **चुनाव:** फिर सबसे ज़्यादा संभावना वाला टुकड़ा, या सबसे अच्छे विकल्पों में से कोई एक, जवाब में जुड़ जाता है। फिर नए टुकड़े समेत पूरी बात दोबारा तौली जाती है और अगले टुकड़े का अंदाज़ा लगता है। इसी तरह जवाब पूरा होने तक ये cycle चलता रहता है।
### 🌳 तना
- AI के पास जवाबों की कोई अलमारी नहीं है। OpenAI के मुताबिक़ उसका मॉडल ट्रेनिंग वाले डेटा की कॉपी नहीं रखता, सिर्फ़ उसके पैटर्न numbers में बचते हैं। इसलिए जवाब पढ़ने में अच्छा लगे, तब भी उसका सही होना पक्का नहीं है।
- एक ही सवाल दो बार पूछिए, तो जवाब अलग आ सकता है। और चुनाव वाले क़दम में थोड़ा संयोग शामिल रहता है।
- जवाब आपके सवाल से ही आगे बढ़ता है। आपके लिखे शब्द ही तय करते हैं कि AI अगले शब्द का अंदाज़ा किस दिशा में लगाएगा।
### 🍎 फल
AI से कुछ लिखवाना हो, तो साथ में बताइए कि किसके लिए, किस काम के लिए और कितना लंबा चाहिए। जैसे, "दफ़्तर के लिए दो दिन की छुट्टी की Application, भाई की शादी के लिए, पाँच लाइन में।" जितना साफ़ सवाल, उतना सही अंदाज़ा।
> **मेरी बात:** AI को जवाब याद नहीं होता, वह हर बार उसे नए सिरे से बुनता है। इसलिए उससे काम लीजिए, पर आँख मूँदकर भरोसा मत कीजिए। डबल क्रॉस चेक करना ज़रूरी है
---
**स्रोत:** [Google for Developers: LLMs, What's a large language model?](https://developers.google.com/machine-learning/crash-course/llm/transformers) (अपडेट 2 जनवरी 2026) · [Google for Developers: Introduction to Large Language Models](https://developers.google.com/machine-learning/resources/intro-llms) (अपडेट 9 जनवरी 2026) · [OpenAI: How ChatGPT and our foundation models are developed](https://openai.com/policies/how-chatgpt-and-our-foundation-models-are-developed/) (अपडेट 30 अप्रैल 2025)
2026-11-23